मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने किया बिहार म्‍यूजियम बिएनाले-2025 का उद्घाटन

पटना, 7 अगस्‍त, 2025 I मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बिहार म्यूजियम बिएनाले-2025 के प्रतीक चिन्ह का रिमोट के माध्यम से अनावरण किया। इसके बाद बिहार संग्रहालय बिएनाले-2025 के अवसर पर विभिन्न देशों द्वारा लगायी गयी अस्थाई प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने फीता काटकर उद्घाटन किया।

बिहार म्यूजियम बिएनाले-2025 के प्रतीक चिन्ह का अनावरण

कार्यक्रम में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री श्री मोतीलाल प्रसाद ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। इस दौरान बिहार संग्रहालय बिएनाले – 2025 में इथोपिया, इंडोनेशिया, श्रीलंका, मैक्सिको, अर्जेंटिना और पेरू से आये एम्बेसडर्स के साथ मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा की और सामूहिक तस्वीर खिंचवाई। बिहार संग्रहालय परिसर स्थित मुक्ताकाश प्रेक्षास्थल में होने वाले सांध्यकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों का भी मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। वहां उपस्थित लोगों ने हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय बिएनाले – 2025 में भाग ले रहे कलाकारों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्द्धन भी किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री श्री मोतीलाल प्रसाद, बिहार विधान परिषद के उप सभापति प्रो. रामवचन राय, विधान पार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, पटना प्रमण्डल के आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी, विभिन्न देशों से आये राजदूत, कलाकार एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

उद्घाटन के पश्चात् अस्थाई प्रदर्शनी में त्योहार और प्रदर्शन, प्रतीकवाद और उत्सव, दीक्षा समारोह, खुदाई में चिरांद, सौंदर्य और सौंदर्य शास्त्र, स्वास्थ्य और कल्याण आदि विषयों पर आधारित थाईलैंड, इंडोनेशिया, जाम्बिया, मैक्सिको, कोरिया, श्रीलंका सहित अन्य देशों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। बिहार संग्रहालय के बहुद्देशीय सभागार में इंडोनेशिया, इथोपिया आदि देशों की संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक सुंदरता पर आधारित लगायी गयी प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में बिहार म्यूजियम के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह ने बिहार संग्रहालय बिएनाले – 2025 के कार्यक्रम की रूप-रेखा एवं विभिन्न देशों द्वारा लगायी गयी प्रदर्शनी के संदर्भ में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी।

बिहार म्यूजियम के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह

बिहार म्‍यूजियम बिएनाले-2025 के उद्घाटन में आए देश विदेश के राजनयिकों, संस्‍कृतिकर्मियों का स्‍वागत करते हुए श्री अंजनी कुमार सिंह ने बिएनाले की रूपरेखा एवं उसके उद्देश्‍यों की जानकारी दी। इसी क्रम में उन्‍होंने बिएनाले के लोगो की अवधारणा को भी स्‍पष्‍ट किया। कला, संस्‍कृति एवं युवा विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार ने अपने संबोधन में बिहार की सांस्‍कृतिक भव्‍यता की चर्चा की। उन्‍होंने बताया कि सांस्‍कृतिक विरासत के लिहाज़ से बिहार संपन्न रहा है। बिहार की सांस्‍कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। यह विविधता विश्‍वव्‍यापी है। कला संस्‍कृति एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री श्री मोतीलाल प्रसाद ने अपने संबोधन में बिहार संग्रहालय की उपलब्धियों का हवाला देते हुए पिछले एक दशक में हुए बिहार के सांस्‍कृतिक विकास को गरिमामय बताया।

बिहार म्यूजियम के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा, संस्कृति मंत्रालय के सचिव प्रणव कुमार एवं संस्कृति मंत्री मोतीलाल प्रसाद

बिहार के उपमुख्‍यमंत्री विजय कुमार सिन्‍हा ने कहा कि बिहार की धरती कला, संस्‍कृति और दर्शन की दृष्टि से अत्‍यंत उर्वर रही है। इसका इतिहास बड़ा वैभवशाली रहा है। बुद्ध, महावीर, चाणक्‍य और अशोक जैसी विभूतियाँ इसी धरती की देन हैं। दर्शन, राजनीति, अध्‍यात्‍म और कला के क्षेत्र में बिहार की देन आज विश्‍व की धरोहर बन चुका है। दक्षिणी विश्‍व के लगभग सभी देश बिहार की विरासत से जुड़ाव रखते हैं। बिहार बिएनाले 2025 उसी जुड़ाव को समकालीन संदर्भ में जानने, समझने और उससे रिश्‍ता कायम करने का अवसर है। यह बिएनाले केवल एक कला-प्रदर्शनी नहीं है, यह वैश्विक संस्‍कृति से बिहार की संस्‍कृति और समकालीनता से एक संवाद है। अंजनी बाबू की देखरेख में हमलोगों ने इस दूरदर्शी योजना को जमीन पर उतारने का काम किया है, जिसमें आप सभी कलाकारों, बुद्धिजीवियों और संस्‍कृति प्रेमियों का सहयोग मिला है, इसके लिए हम आभारी हैं।

बताते चलें कि आज के ही दिन बालदीर्घा में लगी श्रीलंका कला प्रदर्शनी एवं रामायण की सार्वभौमिक विरासत- इन दोनों      प्रदर्शनियों का उद्घाटन उपमुख्‍यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्‍हा ने ही किया। धन्यवाद ज्ञापन बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक श्री अशोक कुमार सिन्‍हा द्वारा किया गया ।

-प्रेस विज्ञप्ति 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *