पटना, 16 सितम्बर, 2023। बिहार संग्रहालय बिनाले 2023 की शुरूआत 07 अगस्त, 2023 को हुई और तब से बिहार संग्रहालय, पटना में विविध कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों, गोष्ठियों और कार्यशालाओं का आयोजन हो रहा है। देश-दुनिया के मूर्धन्य कलाकारों के समर्थन एवं सहयोग से बिहार संग्रहालय निकट भविष्य में भी अनगिनत कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रहा है, उसी क्रम में आज इजराइल के कलाकारों की प्रदर्शनी ‘‘इन अनदर ग्रीन‘‘ और मेंटाॅर आर्ट, मुंबई के सौजन्य से सुप्रसिद्ध कलाकार उदयराज गिडनस के सूर्य पर केन्द्रित चित्रों की प्रदर्शनी ‘‘सूर्यकाल‘‘ की आज से शुरूआत हो रही है। बिहार संग्रहालय के ओरियेन्टेशन हाॅल में शुक्रवार, 15 सितम्बर को आयोजित दोनों प्रदर्शनियों के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने ये बातें कहीं।
श्री सिंह ने बताया कि इजराइल की प्रदर्शनी 15 अक्टूबर तक और ‘सूर्यकाल‘ प्रदर्शनी 30 नवंबर, 2023 तक चलेगी। श्री सिंह ने अपने व्याख्यान में कहा कि कलाकार उदयराज गिडनिस सूर्य पर केन्द्रित 24 महत्वपूर्ण चित्रों की चित्र-श्रृंखला के लिए दुनिया भर में विख्यात हो चुके हैं। उनमें से 12 महत्वपूर्ण चित्र ‘बिहार संग्रहालय में आयोजित‘ ‘सूर्यकाल‘ में प्रदर्शित है। श्री सिंह ने बताया कि सूर्यकाल में बिहार के फोटोग्राफर शैलेन्द्र कुमार के छठ पूजा पर केन्द्रित फोटोग्राफ्स और जापानी तकनीक ‘हिमावारी‘ का भी प्रदर्शित किया गया है। श्री सिंह ने कहा कि बिहार संग्रहालय के बाल दीर्घा के अध्ययन केन्द्र में इजराइल के तीन प्रमुख कलाकार एचिया एंजी, लियोर ग्रैडी और योसेफ जोजक याकोव दाडोने की कलाकृतियाँ भी ‘इन अनदर ग्रीन‘ के नाम से प्रदर्शित हैं। यह प्रदर्शनी सांस्कृतिक पहचान की जटिलताओं और प्रवासन के प्रभाव को उजागर करते हुए विस्थापन और परम्पराओं के उन्मूलन के विषयों पर प्रकाश डालती है।
दरअसल देखा जाए तो बिहार म्यूजियम ने अपने विविधता पूर्ण सांस्कृतिक आयोजनों की निरंतरता से देश में ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक परिदृश्य पर बिहार की छवि को निखारा है। जिस बिहार में आज से तीन दशक पहले तक राष्ट्रीय क्या राज्य स्तरीय कला आयोजन के बारे में ख्वाब में भी नहीं सोचा जाता था, वहां विगत दो दशकों में जितने महत्वपूर्ण आयोजन हुए हैं, ज्ञात जानकारी में देश के किसी हिस्से से इसकी दूसरी मिसाल नहीं मिलती है। म्यूजियम बिनाले की ही बात करें तो पहली बार इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय आयोजन की पहल देश के किसी संग्रहालय ने की, और लगातार दूसरी बार भी इसका सफल आयोजन किया।
शुक्रवार 15 सितम्बर को हुए इस उदघाटन समारोह में मेंटाॅर आर्ट, मुंबई के संस्थापक राहुल सी. मेहता और बतुल राज मेहता एसोसियेट की सहयोगी सुप्रिया मेनन ने ‘सूर्यकाल‘ के क्यूरेशन के बारे में पावर पॉइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। उसके पहले बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा ने अतिथियों और दर्शकों का स्वागत किया तथा संग्रहाध्यक्ष सुश्री मौमिता घोष ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उदघाटन समारोह में पद्मश्री प्रो० श्याम शर्मा, बतुल राज मेहता, लोक गायिका नीतू कुमारी नूतन, फोटोग्राफर श्री शैलेन्द्र कुमार, वरिष्ठ कलाकार अर्चना सिन्हा समेत बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित थे। उदघाटन समारोह के बाद श्री अंजनी कुमार सिंह ने संग्रहालय के मल्टीपरपस हाॅल में आयोजित प्रदर्शनी ‘सूर्यकाल‘ और बाल दीर्घा के अध्ययन केन्द्र में आयोजित ‘इजराइल की प्रदर्शनी‘ का विधिवत फीता काटकर उदघाटन किया।
सभी फोटो : रंजीत कुमार