नई दिल्ली, भारत रत्न जयप्रकाश नारायण की 119 वीं जयंती समारोह के अवसर पर11 अक्टूबर को समाज के कई प्रतिष्ठित व्यक्ति जेपी इंटरनेशनल अवॉर्ड से सम्मानित हुए। इस कार्यक्रम के तहत कला जगत की कुछ महत्वपूर्ण हस्तियों को भी सम्मानित किया गया, पटना कला महाविद्यालय के पूर्व प्राध्यापक एवं कलागुरु बीरेश्वर भट्टाचार्जी को लोकनायक जयप्रकाश राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। हालाँकि स्वास्थ्य कारणों से उनकी उपस्थिति इस कार्यक्रम में नहीं हो पायी, इसलिए उनके छात्र रहे शांतनु मित्रा ने उनकी अनुमति और आशीर्वाद से इसे ग्रहण किया। साथ ही वरिष्ठ कलाकार व कला आलोचक अशोक भौमिक को लोकनायक कलाश्री पुरस्कार से नवाजा गया। वहीँ कला महाविद्यालय, पटना के पूर्व छात्र एवं वरिष्ठ कलाकार/ छायाकार शैलेन्द्र कुमार को भी इस अवसर पर रचनात्मक सांस्कृतिक और विरासत कला छायांकन के लिए पुरस्कृत किया गया।
लोकनायक जयप्रकाश अंतर्राष्ट्रीय अध्ययन विकास केन्द्र और लोकनायक जयप्रकाश राष्ट्रीय कला और संस्कृति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में, राष्ट्रीय महासचिव श्री अभय सिन्हा और राष्ट्रीय संस्कृति सचिव श्री अरविन्द ओझा के कुशल नेतृत्व मे यह ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ। जिसके तहत केन्द्रीय सांस्कृतिक मन्त्री माननीय अर्जुन राम मेघवाल के द्वारा JP international Award 2021से देश के जाने माने विभूतियों, जिन्होने देश की सेवा मे तन मन धन से अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय सांस्कृतिक मन्त्री श्री अर्जुन मेघवाल जी द्वारा लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का दिल्ली में विशाल स्मारक बनवाने की विधिवत घोषणा की, यह घोषणा श्री अभय सिन्हा जी के विशेष आग्रह पर की गई। इस हेतु जेडीयू प्रवक्ता श्री राजीव रंजन, समाजवादी चिंतक पूर्व सांसद श्री रघु ठाकुर एवं तमाम गणमान्य व्यक्तियो ने इस घोषणा की भूरि भूरि प्रशंसा की। अपने व्याख्यान में रघु ठाकुर ने लोकनायक के सम्पूर्ण क्रांति की अवधारणा की चर्चा करते हुए कहा कि- नैतिक, सांस्कृतिक, वैचारिक, सामाजिक, कृषि एवं राजनैतिक क्रांति का समुच्चय ही सम्पूर्ण क्रांति का मूलमन्त्र था। सिर्फ सत्ता परिवर्तन उनके इस सम्पूर्ण क्रांति का कत्तई उद्देश्य नहीं था। प्रधानमंत्री के तौर पर इंदिरा गाँधी की नीतियों के वे विरोधी थे, तो दूसरी तरफ इंदू के रूप में वे उनके लिए पुत्रीवत थीं।
इस अवसर पर पुरस्कृत होनेवालों में प्रख्यात गांधीवादी विद्वान, नेता, समाजवादी विचारक और सुधारक रघु ठाकुर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता और रेमन मैग्सेसे पुरस्कार विजेता प्रकाश आम्टे को सामाजिक क्षेत्र में जेपी इंटरनेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। हालाँकि स्वयं प्रकाश आम्टे इस अवसर पर उपस्थित नहीं हो पाए अतः उनके भाई विकास आम्टे ने इसे ग्रहण किया। यह अवॉर्ड लोकनायक जयप्रकाश इंटरनेशनल स्टडीज डेवलपमेंट सेंटर और लोकनायक जयप्रकाश राष्ट्रीय कला और संस्कृति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में, इंदिरा गांधी नेशनल सेंटर फौर आर्ट्स के सहयोग से, होटल जनपथ के समवेत सभागार में दिया गया। इस अवॉर्ड को देने के लिए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और अतिथि के तौर पर अर्जुन राम मेघवाल (संस्कृति एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री), सच्चिदानंद जोशी (सदस्य सचिव, आईजीएनसीए), राजीव रंजन प्रसाद (राष्ट्रीय सचिव जदयू) मौजूद थे।
कार्यक्रम से पूर्व पुरस्कारों की घोषणा करते हुए आयोजक अभय सिन्हा ने बताया कि इस कार्यक्रम में सम्मानित विशेषज्ञ पैनलिस्टों द्वारा पूरे भारत में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से शीर्ष नामांकित व्यक्तित्वों को जेपी इंटरनेशनल अवॉर्ड 2021 और लोकनायक जयप्रकाश राष्ट्रीय पुरस्कार 2021 से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें शीर्ष सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति होगी। वहीं सांस्कृतिक सचिव श्री अरविन्द ओझा ने संस्था के आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए लोकनायक जयप्रकाश राष्ट्रीय कला और संस्कृति फाउंडेशन के तहत दो प्रमुख योजनाओं – प्रोजेक्ट तत्त्सम और प्रोजेक्ट पुनरूद्धार के बारे में अपने विचार विस्तार से रखे। उन्होंने कला को जीवन का आखिरी सौन्दर्य बताया और कला का मनुष्य जीवन के समस्त आंतरिक और बाह्य आयामों से सीधे संबंध की चर्चा भी किया। पद्मश्री प्रो. दिनेश सिंह ने जयप्रकाश की दार्शनिक दृष्टि को जीवन में व्यवहार के तौर पर उतारने पर जोर दिया और यह बात भी प्रमुखता से कही कि युवा पीढ़ी को जिन आदर्शों की जरूरत आने वाले समय में हो सकती है जयप्रकाश नारायण उसके अंतिम शिखर है। स्वामी ओमानंद सरस्वती ने जयप्रकाश को लोकतंत्र का असली मसीहा कहा और राष्ट्र को जयप्रकाश नारायण के स्थापित संपूर्ण क्रांति के आदर्शो पर चलने की बात कही।
इस अवसर पर दिए गए पुरस्कार का विस्तृत विवरण कुछ यह है – 1. लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड: रघु ठाकुर (गांधीवादी विद्वान, नेता, समाजवादी विचारक और सुधारक) 2. सामाजिक क्षेत्र: प्रकाश आमटे (सामाजिक कार्यकर्ता और रेमन मैग्सेसे पुरस्कार विजेता) 3. कला और संस्कृति:* पद्मविभूषण पंडित छन्नूलाल मिश्रा (प्रसिद्ध भारतीय शास्त्रीय गायक) 4. शिक्षा: पद्मश्री प्रो. दिनेश सिंह (प्रसिद्ध गणितज्ञ, शिक्षाविद और दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति) 5. साहित्य: सत्यनारायण (प्रसिद्ध कवि और हिंदी प्रगति समिति के अध्यक्ष) 6. महिला सशक्तिकरण: भारती आशा सहाय चौधरी (झांसी रेजिमेंट की पूर्व लेफ्टिनेंट रानी, आजाद हिंद फौज) 7. मीडिया और पत्रकारिता: संतोष भारतीय (प्रसिद्ध मीडिया व्यक्तित्व और संपादक, चौथीदुनिया) 8. प्रशासन और सुशासन: प्रदीप के. मोहंती (सचिव, एनआईओएस और पूर्व रजिस्ट्रार, एनएसडी) 9. पर्यावरण: लक्ष्मण सिंह लापोरिया (प्रसिद्ध जल संरक्षणवादी) 10. खेल: सुरेंद्र खन्ना (प्रसिद्ध क्रिकेटर और सदस्य एक्स आईपीएल गवर्निंग काउंसिल और एशिया कप ) लोकनायक जयप्रकाश राष्ट्रीय कला और संस्कृति फाउंडेशन द्वारा दिये गए राष्ट्रीय पुरस्कार 2021: 1. पेंटिंग: बीरेश्वर भट्टाचार्जी (प्रसिद्ध कलाकार और प्रोफेसर, कला और शिल्प कॉलेज, पटना) 2. लोकनायक कलाश्री: अशोक भौमिक (प्रसिद्ध कलाकार, उपन्यासकार और कला समीक्षक) 3. रंगमंच: भारत रत्न भार्गव (प्रसिद्ध रंगमंच व्यक्तित्व, लेखक और आलोचक) 4. लोककला: खाटूसपेरा (प्रसिद्ध कालबेलिया नर्तक) 5. शिक्षा: डॉ.अरुण कुमार रथ (पूर्व आईएएस और केंद्रीय सचिव, शिक्षा और साक्षरता) 6. फोटोग्राफी: शैलेंद्र कुमार (रचनात्मक सांस्कृतिक और विरासत कला फोटोग्राफर) 7. सामाजिक अधिकारिता: संजीव यादव (प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता) 8. सुशासन: डॉ. अमनदीप सिंह (आईपीएस और निदेशक, सीडीटीआई, जयपुर) 9. क्रिएटिव एक्सीलेंस अवॉर्ड: अमित रंजन (सह-संस्थापक और सीईओ, मेडट्रैवेल्स) कोरोना योद्धाओं का विवरण: राष्ट्रीय युवा चिह्न मान्यता 2021: 1.गोपाल सिंह चौहान: सांस्कृतिक कार्यकर्ता/कबीरयात्रा/राजस्थान 2. शैलेश सिन्हा: यातायात और सड़क सुरक्षा विशेषज्ञ/प्रसिद्ध के संस्थापक और अध्यक्ष, द ट्रैफिक पीपल फाउंडेशन/नई दिल्ली I
इस अवसर पर बड़ी संख्या में देश के विभिन्न हिस्सों से आये कलाकारों एवं संस्कृतिकर्मियों की उपस्थिति रही।
आवरण चित्र: अपने कलागुरु बीरेश्वर भट्टाचार्जी की अनुपस्थिति में पुरस्कार ग्रहण करते शांतनु मित्रा