- आईसीसीआर, पटना की एक अनोखी पहल
- ‘साहा-लोक’ की खूशबू से दीवारें हुईं सजीव
पासपोर्ट सेवा केंद्र, पाटलिपुत्र के प्रतीक्षालय की दीवारें शुक्रवार,25 जुलाई की देर शाम तब जीवंत हो उठीं जब बिहार की चार लोकचित्रकला परंपराओं की कलाकृतियों की प्रदर्शनी ‘साहा-लोक’ का शुभारंभ हुआ। 25 जुलाई से 15 अगस्त तक आयोजित इस प्रदर्शनी में मिथिला, गोदना, मंजूषा और टिकुली चित्रकला के मूर्धन्य कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गयी हैं जिनमें पद्मश्री शांति देवी, पद्मश्री शिवन पासवान, पद्मश्री दुलारी देवी और पद्मश्री अशोक कुमार विश्वास की कलाकृतियां प्रदर्शित हैं।

आईसीसीआर, पटना और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के सहयोग से यह प्रदर्शनी लोककला के क्षेत्र में पटना की सक्रिय संस्था फोकार्टोपीडिया फाउंडेशन ने आयोजित की है जिसका संयोजन फोकार्टोपीडिया निदेशक सुनील कुमार ने किया है। आईसीसीआर, पटना की क्षेत्रीय निदेशक स्वधा रिजवी, बापू टावर के निदेशक विनय कुमार और निफ्ट, पटना के निदेशक क. राहुल शर्मा एवं अन्य चर्चित लोककलाकारों की उपस्थिति में इस प्रदर्शनी का उदघाटन मिथिला चित्रकला की ख्यातिलब्ध कलाकार पद्मश्री शांति देवी ने किया।
प्रदर्शनी के अनावरण के मौके पर मुख्य अथिति पद्मश्री शांति देवी ने कहा कि फोकार्टोपीडिया बिहार की लोककलाओं के संरक्षण के दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है और उन्हीं प्रयासों में से एक है लोककलाकारों का प्रोत्साहन, जिसके लिए वे सतत् प्रयत्नशील हैं।

‘साहा-लोक’ के संयोजक सुनील कुमार ने कहा कि आईसीसीआर पटना की यह पहल लोककलाओं से साक्षात्कार कर रहे पासपोर्ट आवेदकों को सांस्कृतिक जागरण की तरफ प्रेरित करेगा, जिसकी वर्तमान समय में जरूरत है जबकि निफ्ट के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा ने कहा साहा-लोक प्रदर्शनी इस वजह से भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जैसी व्यस्त सरकारी दफ्तर में आयोजित की गयी है और इससे सरकारी भवनों को एक नया आयाम मिलेगा।

आईसीसीआर, क्षेत्रीय कार्यालय, पटना की निदेशक स्वधा रिज़वी ने कहा कि यह प्रदर्शनी इस लिहाज से अनोखी है कि देश के किसी भी पासपोर्ट कार्यालय में अभी तक इस तरह की कोई पहल नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के पटना सेवा केंद्र में करीब 1500 पासपोर्ट आवेदक प्रतिदिन आते हैं जिन्हें बिहार की लोककला परंपराओं से अवगत कराने के साथ-साथ उन्हें कलात्मक अनुभव देने की कोशिश की जा रही है।
स्रोत : प्रेस विज्ञप्ति
